पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। रुपयों के लेनदेन के विवाद में मालिक ने ही ट्रैक्टर चालक की हत्या कर शव को गंग नहर में फेंक दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर स्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस अब गंगनहर में शव की तलाश कर रही है। उधर, पुलिस ने ट्रैक्टर स्वामी के भतीजे और साले को भी अपराध में शामिल होने का आरोपी बनाया है।
पुरकाजी कस्बे के मोहल्ला नूर नगरियान निवासी दलित शिवकुमार (32) काफी समय से मोहल्ला खेड़ा दरवाजा निवासी नवाब पुत्र सफी के ट्रैक्टर पर चालक की नौकरी कर रहा था। वह रविवार को ट्रैक्टर ट्राली लेकर हापुड़ लकड़ी भरने के लिए गया था। मगर, घर नहीं नहीं लौटा। तलाश करने पर सोमवार को ट्रैक्टर ट्राली भोपा थाना क्षेत्र के निरगाजनी गंगनहर के निकट खड़ी मिली थी। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने थाने पर तहरीर देकर अनहोनी की आशंका जताई थी। इंस्पेक्टर विजय सिंह के मुताबिक, ट्रैक्टर स्वामी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने चालक की हत्या करना स्वीकार कर लिया। बताया कि वह और शिवकुमार शनिवार को यमुनानगर (हरियाणा) से लकड़ी बेच कर आए थे। रुपये शिवकुमार के पास थे। रविवार को हापुड़ लकड़ी भरने जाना था। तो उसने शिवकुमार से रुपये मांगे। बताया कि इसी को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। पुलिस के मुताबिक नवाब ने शिवकुमार के सिर में डंडा मार दिया। इस पर शिव कुमार बेहोश होकर गिर पड़ा। मरा समझ कर नवाब ने उसे गंगनहर में फेंक दिया और ट्रैक्टर ट्राली लेकर घर आ गया। सबूत मिटाने की जुगत में सोमवार को उसकाभतीजा मोनीस निवासी मोहल्ला खेड़ा दरवाजा पुरकाजी और साला बिलाल निवासी नया गांव ट्रैक्टर ट्राली को भोपा थाना क्षेत्र के निरगाजनी गंगनहर के पास खड़ा कर आए। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले का खुलासा होने पर मंगलवार को ट्रैक्टर स्वामी नवाब और मोनीस निवासी और बिलाल निवासी नया गांव के विरुद्ध अपहरण, हत्या और शव गायब करने की धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल नवाब को जेल भेजने की तैयारी चल रही थी, जबकि अन्य दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी। इसके साथ ही आरोपी की निशानदेही पर गंगनहर में गोताखोरों की मदद से शव की तलाश कराई जा रही है।
आरोपी के हिरासत से भागने पर पुलिस में मचा हड़कंप
पुरकाजी। सोमवार की रात पुलिस आरोपी ट्रैक्टर स्वामी नवाब से चालक के बारे में पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान वह मौका पाकर थाने से भाग निकला। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। कई पुलिस कर्मी उसके पीछे भागे। काफी दूर भागने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी जमकर खातिरदारी की और भागने का कारण पूछा तो उसने एक युवक पर भागने की सलाह देने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने उस युवक को भी हिरासत में ले लिया। इसके उपरांत पुलिस ने उसे थाना कार्यालय में न बैठाकर हवालात में बंद कर दिया।
मोटर बोट चालक पर डीजल मांगने का आरोप
थाने पर कांवड़ मेले की मीटिंग लेने आए एसडीएम सदर से मृतक शिवकुमार के परिजनों ने गंगनहर में शव की तलाश कर रहे मोटर बोट चालक पर डीजल मांगने का आरोप लगाया। एसडीएम सदर ने इंस्पेक्टर से नाराजगी जाहिर कर उनकी मदद करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन द्वारा मिलने वाले मुआवजे में भी उनकी मदद करने की बात कही। इंस्पेक्टर ने बताया कि उन्होंने खुद मोटर बोट में डीजल डलवाया है। अगर कोई डीजल मांग रहा है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।