रोजगार दिलाने के नाम पर कराया धर्म परिवर्तन
मुजफ्फरनगर। शहर निवासी युवती को जॉब दिलाने का झांसा देकर दूसरे समुदाय के युवकों ने पहले तो उसका जबरन धर्म परिवर्तन करा दिया। युवकों ने उससे कई बार हवस का शिकार बनाते हुए मोबाइल से अश्लील क्लिप भी बना ली, जिसके बल पर ब्लैकमेल करते हुए उस पर वेश्यावृत्ति का दबाव भी डाला गया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर निवासी पीड़ित ने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में याचिका दायर करते हुए बताया कि शाहपुर के गांव निवासी एक युवती उसकी परिचित थी। आरोप है कि वह जॉब दिलाने का झांसा देकर महमदूनगर में ले गई, जहां उसकी पहचान कई लोगों से कराई गई। पीड़िता के अनुसार इसी दौरान उसे बंधक बनाकर जबरन उसका धर्म परिवर्तन कराकर किसी अमजद नामक युवक से निकाह कराया गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उस पर जुल्म ढाते हुए कई बार उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करते हुए मोबाइल से उसकी अश्लील क्लिप भी बनाई, जिसके बल पर पीड़िता को ब्लैकमेल करते हुए उस पर वेश्यावृत्ति करने का दबाव डाला गया। आरोपियों के जुल्म से आजिज आकर जब उसने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं। पीड़िता का आरोप है कि उसने करीब दो माह पूर्व थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। थक-हारकर पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली। जिस पर कोर्ट के आदेश पर रविवार को पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आशिया, गाजावाली निवासी आशीष, गांव दधेड़ू निवासी शाहनवाज, खतौला निवासी आशिक अली व शाहपुर निवासी अनीस के खिलाफ संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।