नई मंडी में दो महिलाओं से चेन छीनी
मुजफ्फरनगर। नईमंडी क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दो स्थानों पर महिलाओं से चेन छीन ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, मगर बदमाश हाथ नहीं लग सके।
नईमंडी के अग्रसेन विहार निवासी सुधा बृहस्पतिवार अपने मकान के बाहर खड़ी थी, तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और उसके गले से चेन छीनकर फरार हो गए। उधर, गांधीनगर में भी बदमाशों ने एक महिला से चेन छीन ली। घटनाओं की जानकारी पुलिस मौके पर गई, मगर बदमाशों का सुराग नहीं मिल सका।
चरस, गांजा समेत तस्कर दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने शहर में चेकिंग के दौरान रामपुर निवासी प्रवीण के कब्जे से 200 ग्राम चरस और करीब डेढ़ किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी एक होटल पर नशीले पदार्थ बेचने हुए पकड़ा गया था। आरोपी काफी समय से नशीले पदार्थ की तस्करी कर रहा है। पुलिस आरोपी को जेल भेजने की तैयारी में लगी है।
सपेरे हत्याकांड में कई संदिग्ध पकड़े
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने सपेरे जगरुपनाथ हत्याकांड में कई संदिग्ध लोगों को पकड़ा है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के खांजापुर में एक सप्ताह सिरसा निवासी सपेरे जगरुपनाथ की बदमाशों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। हत्याकांड के खुलासे को लेकर सपेरों ने शहर कोतवाली पर प्रदर्शन भी किया था। साथ ही पुलिस को एक सप्ताह का समय दिया था। पुलिस ने हत्याकांड के संबंध में करीब दस संदिग्ध लोगों को पकड़ कर कोतवाली में बैठाया है, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
प्रतिमाओं की सुरक्षा के निर्देश
मुजफ्फरनगर। कई प्रांतों के अलावा मेरठ में भी अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने की घटना होने पर जिले की पुलिस सतर्क हो गई है। एसएसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में लगी महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा करने के निर्देश दिए है। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि एसएसपी की ओर से इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों को आदेश जारी कर दिए गए है। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में लगी प्रतिमाओं की सुरक्षा करने के निर्देश दिए गए है। खास कर रात में प्रतिमाओं पर निगरानी रखने को कहा गया है। साथ ही क्षेत्रवासियों की बैठक लेकर उन्हें भी इस संबंध में जानकारी देने को कहा गया है कि वो अपने यहां लगी प्रतिमाओं की देखरेख करते रहे।
भुगतान जारी किया
मीरापुर। टिकौला शुगर मिल के अधिशासी अध्यक्ष एमसी शर्मा ने बताया कि मिल ने 22 से 28 फरवरी तक खरीदें गए गन्ने का भुगतान 15 करोड़ नौ लाख रुपये संबंधित समितियों को जारी कर दिया है।