सर्वसमाज को एक मंच पर लाएंगे
शाहपुर। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के अध्यक्ष अमर नायक राहुल ने कहा कि अमर शहीद क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में समाधान सभा का गठन कर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
15 अगस्त को होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य सर्वसमाज को एक मंच पर लाना है। समाधान सभा का गठन होने के बाद प्रत्येक सप्ताह गांव-गांव जाकर बैठकें की जाएंगी। 15 अगस्त पर समाधान सभा के गठन के दौरान मुख्य अतिथि विद्वान विचारक एवं चिंतक, समाजसेवी भाग लेंगे। इनमें मुख्य रूप से सज्जन कुमार राजस्थान, रोशनलाल छत्तीसगढ़, मोहम्मद बिलाल दिल्ली, रामकेश हरियाणा, सहदेव बेधड़क, इकबाल बागी, किसान नेता सरदार बीएम सिंह आदि भाग लेंगे। कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
पांच हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
शाहपुर। पुलिस ने 11 वर्षों से फरार चल रहे पेट्रोल पंप लूट, गैंगस्टर और जानलेवा हमले के आरोपी पांच हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है।
शाहपुर में वर्ष 2006 में हुई एस्सार पेट्रोल पंप लूट के आरोपी नसीम उर्फ सीमा पुत्र शमशुदीन निवासी कबीरपुर थाना शाहपुर को पुलिस ने निरमाना गेट से गिरफ्तार किया है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और एक खोखा बरामद किया है। थाना प्रभारी ने बीपी सिंह ने बताया कि नसीम उर्फ सीमा वर्ष 2006 में हुई पेट्रोल पंप से लूट, जानलेवा हमले व गैंगस्टर में वांछित चला आ रहा था। 2006 में 82 की कार्रवाई किए जाने के बाद 2008 में न्यायालय द्वारा भगोड़ा घोषित किया गया था। गिरफ्तार नहीं होने के चलते उस पर पांच हजार का ईनाम घोषित किया गया था। वह पिछले 11 वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहा था। पिछले दिनों उसके घर और रिश्तेदारियों में ताबड़तोड़ दबिशें देकर गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया गया था।
ग्रामीणों ने कुएं से निकाला बछड़ा
शाहपुर। क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाटान में 60 फुट गहरे कुए में गिरे बछड़े को निकालने के लिए कोई सरकारी टीम नहीं पहुंची। ग्रामीण युवकों ने साहस दिखाकर दो घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित निकाल लिया।
शाहपुर के गांव रसूलपुर जाटान में भाकियू नेता हनी बालियान के खेत में खाली पड़े कुए में दो दिन पूर्व बछड़ा गिर गया था, जिसका पता शुक्रवार देर शाम चला तो ग्रामीणों ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन कुएं में गैस के कारण युवकों की हालत बिगड़ गई थी। बछड़े के गिरने की सूचना दमकल और वन विभाग को दी गई थी। शनिवार को कोई टीम नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने खुद रस्से के सहारे कुए में उतर कर बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।