मोरना(मुजफ्फरनगर)। गोकशी करने की सूचना पुलिस को देने वाले एक ग्रामीण को आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना देने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शुक्रवार को विधायक विक्रम सैनी ने थाना ककरौली पहुंचे और आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।
गांव ककरौली निवासी मोहम्मद नबी पुत्र फय्याज ने बताया कि उसने रमजान के दिनों में तेवड़ा व कम्हेड़ा के जंगल में हो रही गोकशी की सूचना ककरौली पुलिस को दी थी। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ करके थाने से ही छोड़ दिया था। पुलिस को सूचना देने को लेकर गोकशी करने वाले आरोपी उसी दिन से रंजिश रखने लगे थे। 24 जून को जब वह गांव कम्हेड़ा के पैठ बाजार में अपने रिश्तेदार को छोड़ने जा रहा था। इस दौरान कम्हेड़ा गांव के इमरान व फुरकान पुत्रगण शेर अली, अफजाल पुत्र इमरान, अनवर पुत्र फुरकान आदि ने गाड़ी की चाबी को निकाल कर मुझे गाड़ी से बाहर खींच लिया और मारपीट की। आरोपियों ने 12 हजार की नगदी व मोबाइल लूट लिया था। जिसके बाद पीड़ित ने थाना ककरौली पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
पीड़ित मोहम्मद नबी इंसाफ के लिए भाजपा विधायक विक्रम सैनी के पास पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शुक्रवार सुबह विधायक थाना ककरौली पहुंचे और चेतावनी देते हुए कहा कि गोहत्या करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विधायक ने थाने में बैठकर पीड़ित के ओर से आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पीड़ित को हर संभव न्याय दिलाने का आश्वासन भी दिया है।