मनोज हत्याकांड: यह था पूरा मामला
मुजफ्फरनगर। नई दिल्ली में रक्षा मंत्रालय में कार्यरत मनोज शर्मा ने कुटबा गांव निवासी सोनिया बालियान से करीब तीन साल पूर्व लव मैरिज की थी। करीब डेढ़ साल का बेटा भी है। अप्रैल 2018 से लेखपाल पद पर कार्यरत सोनिया को शामली जनपद से संबद्ध कर दिया गया था। मायके से शामली की दूरी काफी कम होने के चलते सोनिया बेटे के साथ मायके में ही आकर रहने लगी थी। विगत 18 सितंबर को मनोज शर्मा पत्नी सोनिया से मिलने शादी के बाद पहली बार उसके मायके गांव कुटबा आया था, जहां से वह संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। पत्नी सोनिया ने अपने सगे भाइयों रेलवे कर्मी सनी व आदेश उर्फ शिवम के साथ ही ममेरे भाई विशाल उर्फ विशु और फुफेरे भाई गुड्डू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। बाद में काकड़ा मार्ग से मनोज शर्मा की लाश एक खेत से पांच फीट गहरे गड्ढे से बरामद हुई थी।
हत्यारोपियों की तलाश में क्राइम ब्रांच समेत पांच टीमें गठित
शाहपुर। थाना क्षेत्र के गांव कुटबा में पत्नी सोनिया से मिलने पहुंचे रक्षा मंत्रालय के कर्मचारी मनोज शर्मा की हत्या में शामिल आरोपियों की तलाश में क्राइम ब्रांच समेत पांच टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में भी लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। एसपी देहात आलोक शर्मा ने बताया कि हत्यारोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है और बहुत जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।