महिला को मारपीट कर जबरन दे दिया जहर
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। शादी के बाद केवल लड़कियां ही होने से कुपित ससुराल पक्ष ने विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे जबरन जहर दे दिया। कई दिन तक मेरठ के हास्पिटल में रहकर जिंदगी मौत से जूझने के बाद बची महिला ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव बेहड़ा सादात निवासी योगिता ने पुलिस ऑफिस में शिकायती पत्र देकर बताया कि उसकी शादी करीब आठ साल पूर्व शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहड़ी निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद विवाहिता ने एक-एक कर तीन बेटियों को जन्म दिया, जिसके चलते ससुराल पक्ष ने करीब एक साल पूर्व उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता करीब आठ माह मायके में रही, जिसके बाद विगत जनवरी माह में ससुराल पक्ष समझौता कर विवाहिता को फिर से अपने घर ले गए। विवाहिता के अनुसार दो अगस्त को पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पहले तो उसे डंडे से पीटा और फिर सभी ने जबरन जहरीला पदार्थ उसके मुंह में उड़ेल दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। सूचना पर मायके से पहुंचे परिजन विवाहिता को जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे मेरठ रैफर कर दिया गया। वहां कई दिन चले उपचार के बाद बमुश्किल महिला की जान बची। पीड़िता ने अब ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।