चरथावल। कुटेसरा के गोकशी की शिकायत पर पुलिस ने जंगल में छापा मारकर दो क्विंटल मांस, एक जिंदा बैल, बुग्गी और करीब दो क्विंटल गोमांस बरामद किया है।
थाना प्रभारी विंध्याचल तिवारी ने बताया कि बुधवार सुबह गोकशी की सूचना मिली। चौकी प्रभारी राजकुमार सिंह ने टीम के साथ कुटेसरा के जंगल की घेराबंदी कर दी। वहां खेत में कुछ युवक गोकशी करते मिले। पुलिस को आता देख आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस को मौके से पेड़ में बंधा एक जिंदा बैल और मांस ढुलाई के लिए मौजूद बुग्गी को बरामद कर लिया। इसके अलावा दो क्विंटल मांस, काटने के उपकरण दो छुरी, एक रस्सी, खुर को कब्जे में किया। आरोपियों को चिह्नित कर पप्पू समेत चार आरोपियों के खिलाफ दरोगा राजकुमार की तरफ से गोवध अधिनियम के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।