होटल के नौकर की मौत
मुजफ्फरनगर। पीनना के पास एक होटल पर नौकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। होटल मालिक ने इसे स्वाभाविक मौत बताते हुए कार्रवाई से इंकार कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को होटल मालिक को सौंप दिया। शहर कोतवाली के गांव पीनना निवासी बालेंद्र मलिक पुत्र विक्रम सिंह के होटल पर रामप्रकाश गत 18 वर्ष से उसके पास नौकरी करता था। रविवार रात रामप्रकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। होटल मालिक बालेंद्र ने पुलिस को बताया कि रामप्रकाश बीमार चल रहा था। बीमारी के कारण उसकी मौत हुई है।
माता-पिता से मारपीट
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने शाहबुद्दीनपुर रोड निवासी दो भाइयों संजय और अमित का शांतिभंग में चालान किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों भाई अपने माता-पिता से मारपीट कर रहे थे। माता-पिता की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों का चालान कर दिया।
चोरी के आरोप में युवक दबोचा
मुजफ्फरनगर। घर में चोरी का प्रयास कर रहे युवक को परिजनों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने परिजनों के साथ मारपीट की। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
शहर कोतवाली के खालापार निवासी अब्दुल सत्तार ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी। बताया कि रात में घर पर बच्चे थे। इसी दौरान आरोपी युवक ने घर में घुस कर चोरी का प्रयास किया। उसकी पत्नी ने विरोध किया, तो आरोपी ने पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट की। शोर मचने पर लोग आ गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ कर धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी शमशाद पुत्र मीरहसन खादरवाला का बताया गया है।
अदालत की अवमानना का मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। शहर इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने डकैती के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी के खिलाफ कोर्ट की अवमानना का मुकदमा दर्ज कराया है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि रोहाना में गत वर्ष रोडवेज परिचालक के घर डकैती पड़ी थी, जिसमें रोहित पुत्र रमेशचंद निवासी बहादरपुर झज्जर हरियाणा वांछित चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के घर पर कोर्ट के आदेश पर 82 का नोटिस चस्पा किया था, जिसमें आरोपी को कोर्ट में पेश होने के लिए एक माह का समय दिया था, मगर आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुआ। जिस कारण आरोपी के खिलाफ कोर्ट की अवमानना का मुकदमा दर्ज कराया गया है।