मीरापुर। नया गांव भुम्मा में कूड़े के ढेर को उठाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट के साथ पथराव हुआ। झगड़े में दो महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया।
मीरापुर इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि नयागांव भुम्मा में सतवीर और सुभाष के बीच एक कॉमन जगह पर पड़े कूड़े को उठाने को लेकर विवाद चल रहा था। तीन दिन से चल रहे मामले में शनिवार सुबह पुन: कहासुनी हो गई। सतबीर पक्ष ने सुभाष पक्ष पर पथराव कर दिया। इस संघर्ष में लाठी-डंडे भी चले। इस संघर्ष में सुभाष पक्ष से सुभाष, रोहित, मांगेराम, संयोगिता, इंद्र और सुमन घायल हुए। घायल सुभाष की तहरीर पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया और घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पथराव करने वाले आरोपियों की तलाश जारी है।