छपार। दो साल से हत्या के केस में फरार चल रहे दस हजार के इनामी दिलशाद को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया। हत्या करने के बाद आरोपी सऊदी अरब भाग गया था। हाल में ही वह विदेश से लौटकर आया था।
छपार निवासी समयद्दीन पुुत्र सिराजुद्दीन की तीन सितंबर 2015 की रात्रि को घर में सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके पुत्र इंतजार ने दिलशाद पुत्र अखलाक के अलावा तीन अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। छपार एसओ आदेश त्यागी ने बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों को जेल भेज दिया था, जबकि दिलशाद सऊदी अरब चला गया था। इसके चलते पुलिस ने उस पर दस हजार का इनाम घोषित कर दिया था। हाल ही मेें वह सऊदी अरब से वापस आया था। इसके बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस नेे रात दबिश देकर उसे घर से ही दबोच लिया। शुक्रवार को उसका चालान कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।