युवकों ने फायरिंग कर दहशत फैलाई
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के लद्दावाला मोहल्ले में बुधवार रात छेड़छाड़ के मामले में युवकों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। युवकों ने एक मकान के दरवाजे पर भी गोली मारी। सूचना पर मौके पर गई पुलिस ने सात खोखे बरामद किए। पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया।
लद्दावाला निवासी दिलनवाज की एक सप्ताह पहले पड़ोसी साबिर से कहासुनी हो गई है। उसका आरोप था कि साबिर ने मकान की छत पर खड़ी उसकी पत्नी से छेड़छाड़ की है। इसी को लेकर दोनों में टशन चल रही है। उसका यह भी आरोप है कि उसने तभी पुलिस को तहरीर दे दी थी, मगर तब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि मंगलवार रात को साबिर, शाहवेज आदि युवकों ने मकान के बाहर आकर फायरिंग की। युवकों ने मकान के गेट पर गोलियां चलाई। अचानक हुई फायरिंग से मोहल्ले में दहशत फैल गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही धमकी देते हुए फरार हो गये। पुलिस ने मौके से सात खोखे बरामद किए। बाद में पुलिस ने आरोपी साबिर और शाहवेज को गिरफ्तार कर लिया। जांच पड़ताल के उपरांत पुलिस ने दिलनवाज को हिरासत में लिया। बुधवार को पुलिस ने तीनों का चालान कर दिया।
वृद्धा की मौत पर क्लीनिक पर हंगामा
मुजफ्फरनगर। बीमार वृद्धा की उपचार के दौरान मौत होने पर परिजनों ने डॉक्टर के क्लीनिक पर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर जानकारी ली। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
पुलिस के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्रा के मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी वृद्धा बीमार थी। मंगलवार को अचानक हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे कालोनी में ही एक निजी डॉक्टर के यहां भर्ती कराया। जहां पर वृद्घा की मौत हो गई। जिस पर परिजनों ने डॉक्टर पर गलत इंजक्शन लगाने से वृद्घा की मौत होने का आरोप लगा कर क्लीनिक पर हंगामा किया। डॉक्टर की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस ने मौके पर जाकर लोगों को समझा बुझा कर शांत किया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
महिला से मांगी तीन लाख की रंगदारी
मुजफ्फरनगर। नईमंडी क्षेत्र के मोहल्ला अग्रसेन विहार निवासी नीलू त्यागी ने नई मंडी पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसके फोन पर एक नंबर से लगातार फोन आ रहे हैं, फोन करने वाला उससे तीन लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है। ऐसा न करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।