व्यापारी से 36 लाख हड़पने की रिपोर्ट दर्ज
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने मुजफ्फरनगर के एक शीरा व्यापारी की तहरीर पर एक अन्य व्यापारी और उसके चार पुत्रों के खिलाफ धोखाधड़ी कर उसकी फर्म के नाम से एक बैंक की शाखा में खाता खोलकर 36 लाख रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले छानबीन शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर के नईमंडी निवासी शीरा व्यापारी सचिन जैन पुत्र नीरज जैन ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया है कि वह राजस्थान आदि में शीरे का व्यापार करता है और उसका भुगतान पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में उसकी फर्म के खाते में आता है। मुजफ्फरनगर के पटेलनगर निवासी शीरा व्यापारी सुभाष जैन, उसके पुत्र सचिन जैन, अमित जैन, नितिन जैन और अखिल जैन ने शाहपुर में एक बैंक की शाखा में बैंक अधिकारियों से मिलीभगत कर उसकी फर्म के नाम से खाता खोलकर राजस्थान आदि राज्यों से आने वाले भुगतान को उक्त खाते में से लगभग 36 लाख रुपये मंगवाकर निकाल लिए। जब उसे पता चला तो उसने आरोपियों से अपना पैसा वापस करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। जिनके बाद शीरा व्यापारी ने थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की थी, किन्तु पुलिस ने कार्यवाही नहीं की। जिसके बाद पीड़ित ने भाकियू नेताओं के साथ मिलकर कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस पर शाहपुर पुलिस ने पीड़ित का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी और जान से मारने का मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी।