हथियारबंद बदमाशों ने दो राहगीरों को लूटा
तितावी। थाना क्षेत्र के गांव हैदरनगर-जलालपुर मार्ग पर शुक्रवार रात बदमाशों ने हथियारों के बल पर दो लोगों से मारपीट कर हजारों की नकदी और मोबाइल लूट लिए। लूटपाट कर बदमाश भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
तितावी थाना क्षेत्रा के गांव हैदरनगर निवासी चीनू पुत्र संजय बघरा से अपने गांव जा रहा था, जब वह हैदरनगर जलालपुर मार्ग पर बाग के पास पहुंचा तो वहां मौजूद बदमाशों ने हथियारों के बल पर चीनू से मारपीट कर मोबाइल लूट लिया। इसी दौरान बघरा निवासी चुहान पुत्रा सलीम अपने गांव आ रहा था। बदमाशों ने हथियारों के बल पर उसे भी अपने कब्जे में ले लिया और उससे 11 हजार की नकदी व मोबाइल लूट लिया। लूटपाट करने के बाद बदमाश फरार हो गए। लूट होने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और हैदरनगर के प्रधान इश्कलाल सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने जंगलों में बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आ सके। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।