देवबंद(सहारनपुर)। नगर एवं देहात क्षेत्र में शुरू हुआ चोटी कटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को नगर के मोहल्ला गुज्जरवाड़ा में दो महिलाओं जबकि गंगदासपुर गांव में एक महिला की चोटी कटने की घटना सामने आई है।
मोहल्ला गुज्जरवाड़ा निवासी मुकीम की पत्नी नौशिदा दोपहर के समय घर में सोई हुई थी। शाम करीब चार बजे वह उठी और मुंह धोकर चोटी बांधने के लिए जैसे ही आईने के सामने खड़ी हुई तो देखा कि उसकी चोटी गायब कटी हुई थी। यह देखते ही उसकी चीख निकल पड़ी। इस बीच परिजन भी वहां पहुंच गए। देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं दूसरी वारदात भी इसी मोहल्ले से सटे भूमिया खेड़ा मंदिर के पास हुई। यहां रहने वाले विनोद की पत्नी सुमन शनिवार को बाजार गई थी। जब वह घर पहुंची उसे अपनी चोटी कटी हुई मिली। सुमन के मुताबिक घर आते समय उसकी साथ यह वारदात हुई है। तीसरी घटना गंगदासपुर गांव में हुई यहां भी एक महिला के साथ चोटी कटने की वारदात हुई। हालांकि महिला और उसके परिजन इस मामले को उछालना नहीं चाहते। जिसके चलते उन्होंने महिला का नाम बताने से भी इंकार कर दिया। इसके अलावा नगर के मोहल्ला किला पर महिला और एक मेडिकल कालेज छात्रा की चोटी कटने की चर्चाएं भी हैं। जबकि इन दोनों घटनाओं की पुष्टि नहीं हुई।