फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेवरात बेचने के नाम पर 17.60 लाख ठगी का प्रयास

Wed, 28 Nov 2018 12:46 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
ठगी करने के प्रयास के आरोप में पकड़े गए युवक। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दिल्ली की एक महिला ने सुनियोजित तरीके से शहर के द्वारिकापुरी निवासी महिला को हीरे की जेवरात बेचने के नाम पर 17.60 लाख रुपये ठगने का प्रयास किया। मामले की भनक लगने पर नई मंडी पुलिस ने जेवरात देने पहुंचे दिल्ली के उत्तमनगर निवासी दो युवकों को दबोच लिया। थाने ले जाकर पुलिस ने एक सराफ को बुलाकर जेवरात की जांच कराई, तो दो कड़े व चार डायमंड को नकली करार दिया। इस पर पुलिस ने शहर निवासी महिला की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन


नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के द्वारिकापुरी निवासी महिला ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सामान की खरीद-फरोख्त करती है। महिला ने तहरीर देकर बताया कि करीब दो महीने पूर्व दिल्ली की रूबीना कुरैशी नामक महिला ने उसके मोबाइल पर कॉल कर कुछ सामान बेचने की बात कही। इसके बाद करीब एक पखवाड़े पूर्व रूबीना कुरैशी ने महिला को फोन कर रुपये की जरूरत के नाम पर चार डायमंड, दो हीरे जड़ित सोने की अंगूठी और दो कड़े बेचने की बात कहकर उनके फोटो भेजे।

जेवरात का सौदा 17.60 लाख रुपये में तय हुआ, जिसके बाद चार दिन पूर्व दिल्ली की महिला ने फिर से महिला को फोन कर रात में दो लड़कों द्वारा जेवरात भेजने की बात कही। इस पर महिला ने रात में जेवरात लेने से इंकार कर दिया। पीड़िता के अनुसार सोमवार शाम रूबीना ने उसे फोन कर अपने दो लड़कों को जेवरात लेकर भेजने की बात कहते हुए उसे मंगलवार दोपहर पूरा पेमेंट लेकर भोपा रोड स्थित ग्रांड प्लॉजा पहुंचने की बात कही। उधर, किसी माध्यम से नई मंडी पुलिस को इस डील की जानकारी मिली, तो उन्होंने मॉल के आसपास सादी वर्दीधारी पुलिसकर्मी तैनात कर दिए।
विज्ञापन


दोपहर करीब 11.35 बजे नजाकत बेग नामक युवक ने महिला को फोन कर दिल्ली से जेवरात लेकर आना बताते हुए महिला को मॉल के पास बुलाया। इसके बाद जैसे ही महिला व उक्त युवकों में डील की बात होने लगी, पुलिस ने छापा मारकर दोनों युवकों को दबोच लिया। पुलिस दोनों आरोपियों व महिला को थाने ले गई, जहां पूछताछ में महिला ने उन्हें पूरी जानकारी दे दी, लेकिन दोनों युवक अनर्गल बातें करने लगे।

पुलिस ने थाने में ही एक सराफ को बुलाकर जेवरात की जांच कराई, जिसने जांच के बाद युवकों द्वारा लाई गई जेवरात में से दो अंगुठियां असली और बाकी के दो कड़े व चार डायमंड्स नकली करार दिए। इस पर पुलिस ने दोनों युवकों दिल्ली के उत्तमनगर निवासी नजाकत बेग व अब्दुल सलाम को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि पीड़ित महिला से तहरीर लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

युवकों की गिरफ्तारी के बाद महिला को मिली धमकियां
मुजफ्फरनगर। शहर के द्वारिकापुरी निवासी महिला के अनुसार, दोपहर में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद शाम होते-होते उनके मोबाइल पर लगातार धमकियां दी जाने लगीं हैं। पीड़िता के अनुसार रूबीना कुरैशी द्वारा उसे फोन कर दोनों युवकों को छुड़वाने अन्यथा उसके साथ कुछ भी बुरा होने की धमकियां दी गईं। पीड़िता ने इस संबंध में थाना पुलिस को भी अवगत कराते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें