देवबंद (सहारनपुर)। हज उमरा कराने व सऊदी अरब में एक व्यक्ति को नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक ने दो महिलाओं से 1 लाख 14 हजार रुपये हड़प लिए। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
गोपाली गांव निवासी मोहम्मदी ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि नगर के मोहल्ला जोशीवाड़ा निवासी एक युवक ने उसे हज व उमरा पर सऊदी अरब भेजने के लिए 64 हजार रुपये में बात तय की थी। उसने भरोसा करते हुए एसबीआई के खाते से उसके खाते में 64 हजार रुपये जमा करा दिए। आरोप है कि उक्त युवक ने उसे हज उमरा पर नहीं भेजा। कई बार उससे फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन वह हर बार फोन काट देता और अब उसने अपना फोन भी बंद कर लिया है। मोहम्मदी ने पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। वहीं, गोपाली गांव की दूसरी महिला शहराना ने भी उक्त व्यक्ति के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है। आरोप लगाया कि उसने पति मुशव्वर की दुबई में नौकरी लगवाने के नाम पर उससे 50 हजार रुपये लिए थे। काफी समय गुजरने के बाद भी उसने उक्त व्यक्ति ने पति को दुबई नहीं भेजा। जब इस संबंध में उसने युवक से मिलकर अपने पैसे वापस मांगे तो उसने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया। शहराना ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर अपनी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि तहरीरें मिल गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।