विदेश भेजने के नाम पर 1.90 लाख हड़पे
छपार। नौकरी के लिए मलयेशिया भेजने का झांसा देकर छपार निवासी युवक से 1.90 लाख रुपये हड़प लिए। अब रुपये मांगने पर आरोपियों द्वारा पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
छपार निवासी शादाब ने शनिवार को थाने में तहरीर देकर बताया कि करीब चार माह पूर्व छपार के ही खादिम, उसके बेटे जानेआलम व भांजे तल्हेड़ी बुजुर्ग देवबंद निवासी तारीफ ने उसे नौकरी दिलाने के लिए मलयेशिया भेजने की बात कही थी। इसके लिए शादाब से 1.90 लाख रुपये लिए गए थे। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने उसे टरकाना शुरू कर दिया। कई माह बीतने के बाद शुक्रवार को जब शादाब ने आरोपियों से अपने रुपये मांगे तो उन्होंने मारपीट करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों ने करीब एक सप्ताह पूर्व छपार के ही शाहनवाज को भी मलेशिया भेजने के नाम पर 1.75 लाख रुपये हड़प लिए हैं। इंस्पेक्टर सुभाष राठौर ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
महिला को पीटकर किया लहूलुहान
छपार। गांव जयभगवानपुर निवासी बबली पत्नी राहुल ने तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा घर के बाहर खेल रहा था। आरोप है कि उसी समय पड़ोसी ने अकारण उसके बेटे को पीटना शुरू कर दिया। बेटे को छुड़ाने पर आरोपी ने महिला से भी मारपीट करते हुए उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई, जिस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।