मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के कमलनगर कूकड़ा निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि वह शुक्रवार शाम घर पर अकेली थी। आरोप है कि धर्मेंद्र नामक युवक अपने साथी के साथ जबरन घर में घुस आया और गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के साथ बदसलूकी की। शोर मचाने पर महिला के साथ मारपीट कर धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। उधर, मुजफ्फरनगर सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के महमूदनगर निवासी गुलजार ने तहरीर देकर बताया कि सिसौली निवासी हाशिम, वसीम व शमीम से उसका विवाद चल रहा है। आरोप है कि शुक्रवार शाम तीनों आरोपी जबरन घर में घुस आए और गुलजार के साथ गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी और धमकी देते हुए फरार हो गए।
चोरी की साइकिल और चाकू समेत दबोचा
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाने के एसआई कपिलदेव ने शनिवार सुबह चैकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए रोका। पुलिस के अनुसार, तलाशी लेने पर आरोपी के पास से चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बरामद साइकिल को भी चोरी की बताया, जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी सोनू उर्फ शाहनजर निवासी हाजीपुरा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए जेल भेज दिया है।
अधिवक्ता की जेब काटी, रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कचहरी कंपाउंड में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता जुल्फिकार अली ने तहरीर देकर बताया कि तीन अज्ञात लोगों ने उसकी जेब काट ली। जेब काटे जाने से अधिवक्ता की करीब छह हजार रुपये की नकदी व आधार कार्ड चला गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के लिए निकला वृद्ध लापता
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव मलीरा निवासी ओमकार त्यागी ने बताया कि उसका भाई यशवीर सिंह (86) 14 सितंबर को दिल्ली जाने के लिए घर से निकला था। इसके बाद से वृद्ध का कहीं सुराग नहीं है। हरसंभव तलाश के बाद परिजनों ने वृद्ध की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है, जिस पर पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर वृद्ध की तलाश के प्रयास में जुट गई है।