बुढ़ाना। गांव भसाना में शाम के समय दुकान पर सामान खरीदने गई बच्ची की दुकानदार के बच्चों से कहासुनी होने पर बखेड़ा हो गया। बच्ची के परिजनों ने दुकानदार से मारपीट करने के साथ ही दुकान में भी तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मौके से दो हमलावरों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य फरार हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भसाना निवासी जयवीर घर के बाहरी हिस्से में परचून की दुकान करता है। शनिवार देर शाम दूसरे समुदाय की एक बच्ची दुकान पर कुछ सामान लेने आई थी। इसी दौरान बच्ची की जयवीर के बच्चों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बच्ची से इसकी जानकारी मिलते ही उसके परिजन लाठी-डंडे लेकर जयवीर की दुकान पर पहुंच गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जमकर पीटने के बाद आरोपियों ने दुकान में भी तोड़फोड़ कर दी। मामला दो समुदाय का होने से गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचते हुए दो हमलावरों को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सपेरे हत्याकांड में कुर्की नोटिस चस्पा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने सपेरे जगरुप नाथ हत्याकांड में वांछित चल रहे दो हत्यारोपियों के घरों पर कुर्की नोटिस चस्पा किया है। विवेचक एसएसआई समयपाल सिंह अत्री ने बताया कि 24 जनवरी की रात को बुढ़ाना मोड़ पर खांजापुर में डेरा डाल कर रहे रहे सपेरे जगरुप नाथ की लूटपाट के दौरान पीट कर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में दो आरोपी चांद पुत्र गिरधारी निवासी गांव महल थाना इंचौली, मेरठ और किदवईनगर निवासी इरफान उर्फ पहलवान पुत्र हबीब वांछित चल रहे है। कोर्ट के आदेश पर दोनों के मकानों पर कुर्की नोटिस चस्पा किए गए है। यदि ये निर्धारित अवधि में कोर्ट में पेश नहीं हुए तो कोर्ट के आदेश पर उनके मकानों की कुर्की की जाएगी।