रतनपुरी/खतौली। पुलिस ने गांव नंगला में एक मकान से गोकशी पकड़ी। मौके से 25 किलो मांस और उपकरण समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष रतनपुरी विरेंद्र कसाना ने बताया कि सूचना मिली थी कि गांव नंगला निवासी सलाउददीन पुत्र लतीफ के घर पर गोकशी की जा रही है। एसएसआई सुरेशपाल सिरोही और एसआई सतेंद्र पाल सिंह पुलिस बल के साथ गांव नंगला में सलाउद्दीन के घर पर छापा मारा। जहां पर तीन लोग गोकशी करते मिले। पुलिस को देखकर तीनों आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करके मकान मालिक सलाउद्दीन पुत्र लतीफ को पकड़ लिया। जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस को मौके से 25 किलो गोमांस एवं गोकशी के उपकरण कुल्हाड़ी, लकड़ी का गुटका, तराजू, बांट, छुरी आदि बरामद हुए। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी सलाउद्दीन से उसके फरार दो साथियों के बारे में गहनता से पूछताछ की। जिसमें उसने अपने फरार साथियों के नाम भूरा एवं फिरोज पुत्रगण हबीब निवासी गांव नंगला बताया। पुलिस ने बरामद मांस की पुष्टि के लिए बुढ़ाना पशु चिकित्सक डॉ. मंसाराम गौतम को भी मौके पर बुलवाया। पशु चिकित्सक ने गोमांस की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने बरामद गोमांस को मिट्टी में दबवाया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।