मंसूरपुर। बैंक अधिकारियों ने मालिकों द्वारा ऋण चुकता नहीं करने पर जड़ौदा में स्थित एक स्टील फैक्ट्री को सील कर दिया।
मंसूरपुर के गांव जड़ौदा में अस्वत स्टील प्राइवेट लिमिटेड के नाम से एक फैक्ट्री है। इसके मालिकों ने करीब 9-10 वर्ष पूर्व नैनीताल बैंक मुजफ्फरनगर की शाखा से दो करोड़ 94 लाख रुपये का ऋण लिया था। फैक्ट्री मालिकों की ओर से ऋण अदा नहीं किया गया। बैंक ने कई बार नोटिस भेजा। धीरे धीरे यह रकम ब्याज सहित तीन करोड़ 66 लाख रुपये हो गई। बैंक के शाखा प्रबंधक आरसी चमोली ने बताया कि फैक्ट्री के 3-4 पार्टनर मालिक हैं। बैंक मालिकों के साथ सहयोग कर रहा था। बैंक को मजबूरन यह कदम उठाना पड़ा। बुधवार को बैंक अधिकारी पुलिस बल को साथ लेकर फैक्ट्री पर पहुंचे। अधिकारियों ने फैक्ट्री के गोदाम, कार्यालय व मुख्य गेट पर सील लगा दी। बैंक अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस दौरान मौके पर मौजूद फैक्ट्री मालिक सरदार अहमद का कहना था कि बुधवार को कोर्ट मेें स्थगनादेश की तारीख थी। बैंक अधिकारियों ने निर्णय आने से पूर्व ही एक तरफ कार्रवाई की है। बैंक से हमने ऋण लिया था, इसी बीच सरकार की गलत नीतियों के कारण फैक्ट्री बंद हो गई थी। इसी कारण उनको ऋण चुकाने में देर हो गई।