रंगदारी मांगने के आरोप में प्रधान को जेल भेजा
खतौली। रंगदारी मांगने के आरोपी ग्राम प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में नामजद एक आरोपी पूर्व में जेल जा चुका है।
गांव भैंसी निवासी अमृतपाल उर्फ माटू ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि दो अक्तूबर को रतनपुरी के गांव अंबरपुर के ग्राम प्रधान मनीष त्यागी पुत्र प्रवीण त्यागी व इसी गांव के योगेश उर्फ डिंपल ने मोबाइल फोन पर पांच हजार रुपये व दो बोतल शराब की प्रतिमाह देने की रंगदारी मांगी थी। अमृतपाल ने पहले तो इसको मजाक करना समझा, लेकिन सात नवंबर इन दोनों ने रोडवेज बस अड्डे पर उसे रोककर रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। धमकी से वह और उसका पूरा परिवार भयभीत हो गया था। पुलिस ने उसी दिन आरोपियों के विरुद्ध रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने योगेश उर्फ डिंपल को 19 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। नामजद आरोपी ग्राम प्रधान मनीष त्यागी फरार चल रहा था। बुधवार को पुलिस ने गांव दबिश देकर आरोपी ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।