तितावी। तीन दिन पूर्व आग में झुलसी गांव करहेड़ा निवासी विवाहिता की दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति, देवर व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिखेड़ा क्षेत्र के गांव निराना निवासी सुरेशपाल ने तितावी थाने में मंगलवार शाम तहरीर देकर बताया कि उसने बेटी रजनी की शादी करीब 11 माह पूर्व गांव करवाड़ा निवासी राकेश से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज में 50 हजार रुपये व बाइक की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल में उसकी बेटी उत्पीड़न किया जाने लगा। आरोप है कि 23 जून की दोपहर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर रजनी को ससुराल में ही मिट्टी तेल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। ग्रामीणों ने रजनी के शरीर में लगी आग बुझाते हुए परिजनों को सूचना दी। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पहले मेरठ और फिर दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया था। मंगलवार की शाम रजनी की दिल्ली के हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पीड़ित पिता ने रजनी के पति राकेश, देवर दीपक व ससुर कलीराम के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।