पत्नी व बेटी की मौत के मामले में पति को जेल
मंसूरपुर। गांव नरा में शुक्रवार रात महिला और उसकी बच्ची की जहरीला पदार्थ खाने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति को जेल भेज दिया है। शुक्रवार रात मीनू शर्मा पत्नी सुनील शर्मा तथा सात वर्षीय बेटी खुशी की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई थी। मृतका मीनू शर्मा के पिता पटेल नगर मुजफ्फरनगर निवासी सुभाष शर्मा ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया था कि उसकी बेटी मीनू शर्मा को उसके पति सुनील शर्मा, सास बीना शर्मा तथा परिवार की महिनला हजारी ने जहरीला पदार्थ देकर हत्या की है। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आरोपी पति सुनील शर्मा को घटना के एक दिन बाद गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस लगातार उससे पूछताछ कर रही थी। सुनील शर्मा ने पूछताछ में पुलिस के सामने जहरीला पदार्थ देने की बात से मना कर दिया। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि पति को जेल भेजा गया है। वहीं, पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने में जुटी है।