युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटा
खतौली। बदमाशों ने युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया। बेहोशी की हालत में उसे जंगल में फेंक दिया। ग्रामीणों को जंगल में युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजनों ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। मोहल्ला बालकराम निवासी मोहम्मद अनस पुत्र शेरदीन सोमवार की शाम को घर से मेरठ में काम करने के लिए गया था। परिजनों ने बताया कि मोहम्मद अनस घर से एक घंटे के भीतर वापस लौटने को कहकर गया था। रातभर मोहम्मद अनस घर वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने फोन कर बताया कि मोहम्मद अनस गांव मढकनीमपुर के जंगल में बेहोशी की हालत में पड़ा है। परिजनों ने अनस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में परिजनों से पूछताछ की। परिजनों का कहना है था कि बदमाशों ने मेरठ से वापस लौटते समय अनस को नशीला पदार्थ पिलाकर उससे हजारों की नगदी लूट ली है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। पीड़ित के परिजनों की ओर से अभी तक पुलिस को घटना की कोई तहरीर नहीं दी गई है।