खतौली (मुजफ्फरनगर)। कंकरखेड़ा में हुई लूटपाट के मामले में संदिग्ध युवक को पकड़ने के लिए मेरठ क्राइम ब्रांच टीम ने शुक्रवार को खतौली के मोहल्ला नई आबादी में दबिश दी। आरोप है कि पड़ोसियों ने दबिश का विरोध करते हुए टीम के साथ धक्का-मुक्की की। इसे लेकर हुए हंगामे का फायदा उठाकर आरोपी युवक फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने अभद्रता करने वाले दो युवकों को पकड़ लिया और मेरठ ले गई।
खतौली कोतवाली पुलिस के मुताबिक मेरठ के कंकरखेड़ा में हुई लूट की घटना में दो बदमाश पकड़ गए हैं। शुक्रवार को मेरठ की क्राइम ब्रांच टीम ने दोनों बदमाशों को साथ लेकर एक अन्य युवक को पकड़ने के लिए कोतवाली खतौली में आमद दर्ज कराई। इसके बाद टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मोहल्ला नई आबादी में युवक के मकान में दबिश दी। आरोपी युवक के पड़ोसियों ने विरोध करते हुए मेरठ क्राइम ब्रांच टीम के साथ धक्का-मुक्की की। इसको लेकर हंगामा खड़ा हो गया। खतौली थाने से भी और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। इसी बीच हंगामा का फायदा उठाते हुए आरोपी युवक फरार हो गया। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने अभद्रता करने वाले दो युवकों को पकड़ लिया और अपने साथ मेरठ ले गई।
सभासद को लगाई फटकार
खतौली। मेरठ क्राइम ब्रांच टीम के साथ धक्का-मुक्की करने वाले एक युवक को छुड़ाने के लिए नगरपालिका का एक सभासद थाने पहुंचा। सिफारिश करने पर पुलिस ने सभासद को जमकर फटकार लगाई। पुलिस का कहना था कि अपराध करने वाले लोगों की सिफारिश नहीं सुनी जाएगी। युवकों ने पुलिस के साथ अभद्रता की है। मेरठ पुलिस उसे अपने साथ ले गई है।