भोपा मुठभेड़ में फरार हुआ बदमाश दबोचा
छपार। भोपा थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में फरार हुए बदमाश को छपार थाना पुलिस ने देर रात तेजलहेड़ा चौराहे के पास हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से तमंचा-कारतूस बरामद किया गया है।
भोपा क्षेत्र में शुक्रवार रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 15 हजार के इनामी गांव बिजोपुरा निवासी कपिल को गिरफ्तार किया था, जबकि उसका साथी गांव सिमरथी निवासी शुभम फरार हो गया था। शनिवार देर रात्रि करीब 11 बजे एसआई जुगल किशोर शर्मा बरला-बसेड़ा मार्ग स्थित तेजलहेड़ा चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो वह पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसआई ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी गांव सिमरथी निवासी शुभम है, जो एक दिन पूर्व भोपा में हुई मुठभेड़ के दौरान फरार हो गया था। आरोपी के पास से संदिग्ध बाइक, तमंचा-कारतूस बरामद किए गए हैं। इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि शुभम पर विभिन्न थानों में कई मुकदमें संगीन धाराओं में दर्ज हैं।
युवती के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
छपार। थाना क्षेत्र के गांव खुड्डा निवासी शादाब उर्फ काला करीब चार माह पूर्व दूसरे समुदाय की युवती का अपहरण कर ले गया था। इससे दोनों समुदाय में तनाव भी व्याप्त हो गया था। पुलिस ने कुछ दिन बाद युवती को तो बरामद कर लिया था, लेकिन आरोपी शादाब उर्फ काला तभी से फरार था। शनिवार देर रात पुलिस ने आरोपी शादाब उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया, जिसे जेल भेज दिया गया है।