भोपा। ककरौली से घोड़ा चोरी कर भाग रहे तीन चोरों को पुलिस ने गंगनहर पटरी मार्ग पर हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से चोरी के घोड़े के साथ ही एक गाड़ी, तंमचा-कारतूस व चाकू बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
थाना पुलिस मंगलवार रात गंगनहर पटरी मार्ग पर गश्त कर रही थी। रूड़कली-नंगला बुजुर्ग चौराहे के पास तीन युवक एक घोड़े व गाड़ी के साथ संदिग्ध हालत में खड़े थे, जिन्हें देख पुलिस टीम ने उनसे पूछताछ का प्रयास किया। सीओ भोपा राममोहन शर्मा ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीनों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों में मुर्तजा, शाने आलम व नजर मोहम्मद निवासी गांव गढ़ी जानसठ शामिल हैं, जिनके कब्जे से एक गाड़ी, घोड़ा, तमंचा-कारतूस व चाकू बरामद किए गए। सीओ ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बरामद किया गया घोड़ा ककरौली में तेवड़ा मार्ग स्थित बाग से चोरी किए जाने की जानकारी दी। उक्त घोड़ा ककरौली निवासी असलम का था, जो मंगलवार सुबह चोरी कर लिया गया था। घोड़ा चोरी की रिपोर्ट भी ककरौली थाने में दर्ज कराई गई थी। सीओ ने बताया कि पकड़े गए तीनों चोरों को जेल भेज दिया गया है।