छेड़छाड़ के मामले में आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के खालापार में तीन दिन पूर्व बाइक सवार दो युवकों ने कॉलेज से लौट रही तीन छात्राओं से छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर आरोपियों ने छात्राओं के साथ ही मोहल्ले के दो युवकों पर भी हमला कर दिया था। इस मामले में पीड़ित छात्रा की तहरीर पर फक्करशाह चौक निवासी छोटा पुत्र इरफान फाना और मुन्ना पुत्र कल्लू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने बुधवार देर रात छेड़छाड़ व मारपीट के आरोपी छोटा पुत्र इरफान फाना को गिरफ्तार कर लिया, जिसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, दूसरे फरार आरोपी मुन्ना की तलाश की जा रही है। किशोरी के अपहरण का आरोपी दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार निवासी महिला ने मोहल्ले के ही अशरफ व मुदस्सिर के खिलाफ नाबालिग बेटी का बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले जाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया था, लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े थे। बुधवार देर रात पुलिस ने अपहरण के आरोपी मुदस्सिर को गिरफ्तार कर लिया, जिसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, दूसरे फरार आरोपी अशरफ की तलाश की जा रही है।