बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी
खतौली। बंद मकान का ताला तोड़कर नगदी व जेवर समेत हजारों रुपयों का सामान चोरी कर लिया गया। पीड़ित परिवार ने चोर को एक मकान में सोते हुए दबोच लिया। चोर के पास चांदी की चेन और साइकिल मिली। कालोनी के लोगों ने चोर को पुलिस के हवाले कर दिया है।
तीरथ कॉलोनी निवासी मनोज पुत्र जयप्रकाश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 27 जून को वह अपने परिवार के साथ मेरठ रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। उसी दिन रात में मकान का ताला तोड़कर चोर 13 हजार रुपये की नकदी, चांदी की चेन, पाजेब, दो गैस सिलेंडर, इंवर्टर बैटरा, साइकिल चोरी कर ले गए। 28 जून को लौटने पर मनोज व उसके परिवार को चोरी की घटना का पता चला था। पीड़ित ने चोरी की घटना की सूचना पुलिस को दे दी थी। पुलिस भी चोरों को तलाश करने में जुटी थी। मनोज ने बताया कि कालोनी में ही टीटू के मकान के पास एक खंडहर मकान पड़ा है। शुक्रवार की सुबह उस मकान के सामने मनोज की चोरी की गई साइकिल खड़ी हुई थी। मनोज ने अपनी साइकिल को पहचान लिया। उसने कालोनी के लोगों को जानकारी दी। कॉलोनी के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने मकान के अंदर जाकर देखा कि उसमें एक युवक सो रहा है। उसके गले में जो चेन थी, वह भी मनोज के मकान से चोरी की गई थी। मनोज ने अपनी चांदी की चेन की पहचान कर ली। लोगों ने मकान के अंदर से चोर को दबोच लिया। लोगों ने पूछताछ की तो उसने अपना नाम मोहल्ला सैनीनगर निवासी राजन शर्मा बताया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। लोगों ने चोर को पुलिस के हवाले कर दिया।