मुजफ्फरनगर। अयोध्या विवाद सुलझाने को लेकर सक्रिय आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक संत श्री श्री रविशंकर के विवादित बयान को लेकर एसएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। मिमलाना रोड निवासी शाहरुल त्यागी के साथ पहुंचे मुस्लिम समाज के लोगों ने शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय में श्री श्री रविशंकर के विरुद्ध प्रदर्शन किया। एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर भी दी। इसमें आरोप लगाया गया कि श्री श्री रविशंकर पुत्र आरएस वेंकटरतनम निवासी बंगलुरु कर्नाटक ने पांच मार्च 2018 को एक न्यूज चैनल पर विवादित बयान देकर मुस्लिमों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के साथ ही दंगे भड़काने की साजिश की है। शाहरूल ने बताया कि श्री श्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर बयान दिया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि मंदिर विवाद न सुलझा तो भारत सीरिया बन जाएगा। उनका यह बयान दंडनीय अपराध है। उन्होंने एसएसपी से इस संबंध में श्री श्री रविशंकर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।