शेरपुर में बेकसूरों का उत्पीड़न न हो: टिकैत
मुजफ्फरनगर। शेरपुर बवाल में ग्रामीणों के पक्ष में भाकियू नेता राकेश टिकैत ने लोगों के साथ पुलिस ऑफिस पहुंचकर एसएसपी से मुलाकात की। टिकैत ने कहा कि पुलिस कार्रवाई के नाम पर निर्दोषों का उत्पीड़न न करें। दोषी के खिलाफ ही कार्रवाई हो। इस दौरान ग्रामीणों ने घटना संबंधित कई बातें कप्तान के समक्ष रखी।
शहर कोतवाली के शेरपुर में गत शुक्रवार को ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी। गोकशी की सूचना पर गई पुलिस को ग्रामीणों ने बंधक बनाया तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया था। इस दौरान पथराव हो गया था। घंटों गांव में तनाव का माहौल रहा। पुलिस ने सैकड़ों लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दी थी। उसी दिन से गांव में लगातार पुलिस की ओर से दबिशें दी जा रही हैं। परेशान ग्रामीण सोमवार सुबह भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से मिले और पुलिस ज्यादती के बारे में बताया। इस मामले को लेकर समर्थकों के साथ टिकैत पुलिस ऑफिस पहुंचे और एसएसपी अनंत देव से मुलाकात की। टिकैत ने कहा कि पुलिस निर्दोषों का उत्पीड़न न करे। कप्तान ने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीें जाएगा और निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा। ग्रामीणों को नामजद आरोपी के निर्दोष होने का सबूत देना होगा। इस दौरान शेरपुर के ग्रामीणों ने कप्तान को घटना की सच्चाई से अवगत कराया। एसएसपी ने सही कार्रवाई का आश्वासन दिया है।