मुठभेड़ में दबोचा गोकशी का आरोपी
भोपा। नंगला बुजर्ग नहर पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात गोकशी कर रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। मुठभेड़ में गोली लगने से आरोपी के साथ ही एक सिपाही भी घायल हो गया। मौके से एक क्विंटल मांस, तमंचा-कारतूस और अन्य सामान बरामद किया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग में नहर पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात थाना पुलिस ने गोकशी की सूचना के आधार पर छापेमारी की। इंस्पेक्टर एमएस गिल ने बताया कि टीम को देखते ही गोकशी कर रहे आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें सिपाही मोहित शर्मा गोली लगने से घायल हो गया। इस पर पुलिस ने बदमाशों की घेेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दिलशाद पुत्र एजाज निवासी नंगला बुजुर्ग पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि तीन आरोपी फरार हो गए। देर रात तक सीओ भोपा राममोहन शर्मा के नेतृत्व में ककरौली व सिखेड़ा की पुलिस के साथ मिलकर फरार बदमाशों की तलाश में कांबिंग की गई, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। इंस्पेक्टर एमएस गिल ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान शाहनजर पुत्र मुमताज, शाकिर पुत्र सुक्का व बाबू पुत्र ऐजाज निवासीगण नंगला बुजुर्ग के रूप में हुई है। मौके से तमंचा-कारतूस, करीब एक क्विंटल मांस व कटान के उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।