महिला की पिटाई पर पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
जानसठ। विवाहिता ने पति पर अप्राकृतिक कुकर्म करने तथा देवर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। इस पर ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस मामले में पीड़िता ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सोमवार को क्षेत्र निवासी विवाहिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी मंसूरपुर क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही विवाहिता से ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग कर उत्पीड़न करते आ रहे थे। विवाहिता ने अपने पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए बताया कि छह माह पूर्व घर में अकेली देख उसके देवर ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया था। इसकी शिकायत जब उसने अपने पति व सास, सुसर से की, तो उन्होंने उसको मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता अपने मायके आकर रह रही थी। पीड़िता ने तहरीर में बताया कि 15 दिसंबर को उसका पति व उसके घर वाले लाठी डंडे लेकर मायके आए और बदनाम करने का आरोप लगाते हुए मारपीट कर घायल कर दिया था। आरोपी जाते हुए जान से मारने की धमकी देकर गए। पीड़िता ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर क्राइम आरवी कॉल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।