बुढ़ाना में चोरों ने आवास खंगाला
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। चोरों ने विभिन्न स्थानों पर ताले तोड़कर नकदी सहित लाखों रुपये के सोने चांदी के आभूषण व कीमती सामान चुरा लिया। पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है।
कस्बे के सफीपुर रोड पर नौशाद का मकान है। चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया। चोरों ने मकान के अंदर से गैस सिलेंडर व अन्य कीमती सामान चुरा लिया। घटना की सूचना नौशाद ने पुलिस को दी है। पुलिस इस घटना में पड़ोसी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दूसरी घटना में चोरों ने देर रात के समय गांव बड़कता निवासी बलराम के मकान को निशाना बनाया। दीवार फांदकर चोर मकान के अंदर घुस गए। बलराम ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी लड़की की शादी के लिए सोने, चांदी के आभूषण व नकदी घर पर रखी हुई थी। चोरों ने सेफ का ताला तोड़कर 55 हजार रुपये की नकदी व लाखों रुपये के सोने चांदी के आभूषण व कीमती सामान चुरा लिया। चोरों ने बलराम की माता ओमवती के कानों के कुंडल निकालने चाहे तो उनकी आंख खुल गई। ओमवती के शोर मचाने पर घर व मोहल्ले में जाग हो गई। शोर सुनते ही चोर नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की तहरीर बलराम ने पुलिस को दी है। तीसरी घटना में चोरों ने नसीरपुर गांव में किसानों की नलकूप को अपना निशाना बनाया। चोरों ने मेनपाल, मुकेश शर्मा, वीर सिंह, मोतीराम आदि किसानों के नलकूपों के ताले तोड़कर अंदर से केबल, डोरी, स्टार्टर, ऑपरेटर आदि कीमती सामान चुरा लिए। घटना की सूचना गांव वालों ने पुलिस को दी है।