लूटपाट का विरोध करने पर कारोबारी को पीटा
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। दिनदहाड़े बदमाशों ने फेरी करने वाले युवक से तमंचों के बल पर बाइक व हजारों रुपयों की नगदी लूटकर सनसनी फैली दी। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचों की बटों से प्रहार कर युवक को घायल कर दिया। बदमाश रास्ते में ही लूट की बाइक को छोड़ कर फरार हो गए थे। पुलिस ने बाइक को बरामद कर ली है।
मंसूरपुर के गांव खेड़ी तगान निवासी बीनू पुत्र बिशंबर फेरी करके कपड़ा गांव गांव में जाकर बेचने का काम करता है। मंगलवार दोपहर को बीनू बाइक पर खतौली आ रहा था। खलासी पुल से पहले दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने बीनू की बाइक को रुकवा ली। इन बदमाशों ने तमंचों के बल पर बीनू से बाइक व ढाई हजार रुपये की नगदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचों से सिर पर प्रहार कर बीनू को लहूलुहान कर दिया। बदमाश लूटपाट करने के बाद वहां भाग लिए। बदमाशों ने लूटी गई बाइक को रास्ते में डालकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लूटी गई बाइक को बरामद किया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल बीनू का गांव के चिकित्सक से उपचार कराया। घायल बीनू ने बताया कि उसकी पेंट की जेब में 25 हजार रुपये की नगदी और थी, जो लुटने से बच गई। सिर्फ बदमाश ढाई हजार रुपये की नगदी की लूटकर ले गए। पीड़ित ने पुलिस को लूट की तहरीर दे दी है।