प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने को लेकर गांधी कॉलोनी में लोगों ने हंगामा कर दिया। मामले में गांधी कॉलोनी चौकी पुलिस को दूसरे समुदाय के आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दे दी गई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधी कॉलोनी के लोग शुक्रवार शाम बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर चौकी पहुंचे और तहरीर देकर बताया कि सुभाषनगर निवासी याकूब गांधी कॉलोनी में आजाद कुल्फी वाले के नाम से ठेला लगाता है। आरोप लगाया कि उक्त युवक द्वारा सोशल मीडिया पर पीएम मोदी और सीएम योगी के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए पोस्ट डाली गई है, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुईं हैं। गुस्साए लोगों ने आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए चौकी पर हंगामा किया। चौकी प्रभारी ने आरोपी को जल्द पकड़ने का आश्वासन देते हुए गुस्साए लोगों को शांत किया। पुलिस का कहना है कि सुभाषनगर निवासी युवक के खिलाफ पीएम व सीएम के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर पोस्ट वायरल करने की शिकायत मिली है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आपत्तिजनक पोस्ट डालने का आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जनकपुरी निवासी मनोज शर्मा के खिलाफ तहरीर देकर दूसरे समुदाय के लोगों ने उस पर आपत्तिजनक पोस्ट फेसबुक पर शेयर करने का आरोप लगाया था। आरोप था कि उक्त पोस्ट शेयर करने से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। मामले में पुलिस ने आरोपी मनोज शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बृहस्पतिवार देर रात पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया, जिसे शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।