खतौली। क्षेत्र में एक विवाहिता कमरे में पंखे से लटकी मिली। सूचना पर सीओ ने घटनास्थल का मुआयना कर परिजनों से पूछताछ की। मृतका के परिजनों ने पुलिस के समक्ष ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
बुढ़ाना के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी इलियास ने बेटियों का निकाह पांच नवंबर 2017 में इस्लामाबाद भूड़ बाग बस्ती निवासी साजिद के दो पुत्रों के साथ किया था। बड़ी पुत्री शमा (22) का निकाह साजिद के बड़े पुत्र आदिल के साथ और छोटी पुत्री आयशा खातून (20) का निकाह कामिल उर्फ मोनू के साथ किया था। पुलिस के मुताबिक परिवार के लोगों को शुक्रवार सुबह आयशा खातून का शव मकान में द्वितीय मंजिल के कमरे में पंखे से लटका मिला। आयशा की मौत की खबर मिलने पर मायके के लोग भी पहुंच गए थे। मृतका के मायके वालों ने ससुरालवालों पर आयशा की हत्या करने का आरोप लगाया। सीओ डॉ. राजीव कुमार सिंह व इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि जांच पड़ताल में उसके गले पर फंदे के निशान मिले। मृतका के परिजनों ने विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। इसलिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पिता इलियास ने पति सहित ससुरालवालों के विरुद्ध तहरीर दे दी है। सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।