पिस्टल से मारी थी अर्पण मित्तल को गोली
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के खांजापुर में अपने परिचित के यहां बैठे अर्पण मित्तल को हमलावरों ने पिस्टल से गोली मारी थी। कोतवाली पुलिस ने एक हमलावर को कस्टडी रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर पिस्टल बरामद की है। घायल अर्पण अभी भी मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के खांजापुर निवासी इंदू के मकान में बैठे गणेशपुरी निवासी अर्पण मित्तल को दो हमलावरों ने गोली मार कर घायल कर दिया था। इंदू ने प्रेमपुरी निवासी मोहित तथा शामली स्टैंड निवासी पराग के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। इसी बीच नामजद मोहित ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने मोहित का कोर्ट से छह पुलिस कस्टडी रिमांड मांगा। इस पर कोर्ट ने पुलिस को छह घंटे का कस्टडी रिमांड दिया। बुधवार को पुलिस ने मोहित को रिमांड पर उससे पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर शनिधाम मंदिर के पास से घटना में प्रयुक्त किया गया पिस्टल बरामद किया। पुलिस ने रिमांड पूरा होने पर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस दूसरे हमलावर पराग की तलाश में लगी है। पुलिस ने बताया कि अर्पण को आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते गोली मारी थी।