मुजफ्फरनगर। छात्रा के साथ सरेराह छेड़छाड़ की गई तथा विरोध करने पर आरोपी ने उससे मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नई मंडी कोतवाली पर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में छात्रा ने बताया कि वह नई मंडी के एक इंटर कॉलेज की छात्रा है। आरोप है कि पटेलनगर का आरोपी युवक शानू उससे छेड़छाड़ करता है। आरोप है गत दिवस आरोपी ने फिर छेड़छाड़ की तथा विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उधर, एक अन्य घटना में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा के परिजनों से मारपीट की। शहर कोतवाली पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। उधर, मुजफ्फरनगर शहर के अहिल्याबाई चौक पर तीन युवकों ने एक महिला कांस्टेबल के साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि आरोपी यहां शराब पी रहे थे। रोकने पर उन्होंने एक महिला कांस्टेबल से अभद्रता की। महिला सिपाही ने हौसला दिखाते हुए एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि दो फरार हो गए। पकड़ा गया युवक रामलीला टिल्ला निवासी बताया गया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।