पद्मावत फिल्म देख रहे युवकों में मारपीट
मुजफ्फरनगर। पद्मावत फिल्म देख रहे दो समाज के युवकों में कमेंट करने को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई, जिससे सिनेमाघर में हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झगड़ा कर रहे चार युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। वहीं, कुछ लोग दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास में लगे हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के माया सिनेमाघर में पद्मावत फिल्म का प्रदर्शन हो रहा है। फिल्म देखते हुए दो समाज के युवकों के बीच फिल्म के बारे में कमेंट किए जाने को लेकर कहासुनी हो गई, जो सिनेमाघर मेें ही मारपीट में बदल गया, जिससे वहां हंगामा हो गया और दर्शकों में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। बताया गया है कि एक युवक का जन्मदिन था और वह दूसरे लड़के को फिल्म दिखाने के लिए लाया था। चारों युवक छात्र हैं। पुलिस ने युवकों के परिजनों को सूचना दे दी है। सूचना पर युवकों के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास जारी हैं।