युवक को छत से नीचे फेंका
मुजफ्फररगर। शादी में आए दो युवकों के साथ मारपीट कर गई। इतना ही नहीं एक युवक को बैंक्वट हॉल की छत स से नीचे फेंक दिया। दोनों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से सिविल लाइन थाने पर बैंक्वेट हाल मालिक और उसके बेटों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
बिजनौर के नजीबाबाद थाना क्षेत्र के गांव जलालाबाद निवासी मोहम्मद हनीफ ने पुलिस को बताया कि उसका पुत्र तसलीम अपने साथी दिलशाद के साथ यहां शादी समारोह में आया था। रुड़की रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में समारोह था। दोनों छत पर आराम कर रहे थे। आरोप है कि बराबर में ही स्थित दूसरे बैंक्वेट हॉल के मालिक ने उनके साथ गालीगलौज कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ जमकर मारपीट की और तस्लीम को छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गया। तस्लीम की नाजुक हालत के चलते उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
जिला बदर को जेल भेजा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने कस्सावान निवासी साबू पुत्र शमशाद को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस ने बताया कि वह सिविल लाइन थाने से जिला बदर होने के बाद में क्षेत्र में खुलेआम घूम रहा था। उधर, नई मंडी इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मखियाली निवासी पिकुल पुत्र निगमपाल को पकड़ कर जेल भेजा है। गुंडाएक्ट में निरुद्घ होने पर डीएम ने उसे छह माह के लिए जिला बदर किया था, मगर वह गांव में ही रह रहा था।
पुलिस की खालापार में दबिश
मुजफ्फरनगर। बिजनौर की कोतवाली नजीबाबाद पुलिस ने खालापार में एक आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन कोई सफलता न मिलने पर पुलिस बैरंग लौट गई। उपनिरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि खालापार निवासी अजमल उनके यहां एक संगीन मामले में वांछित चल रहा है, जो यहां दबिश के दौरान हाथ नहीं लग सका।
फायरिंग में दो नामजद
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के बघरा तांगा स्टैँड पर शनिवार शाम को चाय विक्रेता आरिफ के ऊपर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की ओर से किदवई नगर निवासी नोनू और खालिद के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों की तलाश में लगी है।
भाजपा नेता को जान से मारने की धमकी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पर अबूपुरा निवासी भाजपा नेता शरद कपूर ने एक अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपी उसकी बेटी को परेशान कर रहा है। वह घर पर पत्र भी डाल गया है। जब उसने आरोपी से फोन पर बात की तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
भवनों का लोकार्पण किया
फोटो समाचार
मुजफ्फरनगर। एसएसपी अनंत देव ने नई मंडी कोतवाली के नए आवास भवनों का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने टीपीनगर और बागोवाली पुलिस चौकी के भवनों का भी लोकार्पण किया। एसपी सिटी ओमवीर सिंह, सीओ राजीव कुमार, इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
सीओ बने चमन सिंह चावडा
मुजफ्फरनगर। शासन ने सराहनीय कार्य के लिए बुढ़ाना कोतवाली के इंस्पेक्टर चमन सिंह चावड़ा को पदोन्नत देकर सीओ बनाया है। रविवार को पुलिस लाइन में हुए कार्यक्रम में एसएसपी अनंत देव ने चमन सिंह चावडा को सीओ की वर्दी पर सीओ के स्टार लगाए। चावड़ा ने सहारनपुर और यहां जनपद में अपने कार्यकाल में अनेक सराहनीय कार्य किए। कुख्यात अपराधी कग्गा समेत कई बदमाशों को भी मुठभेड़ में मारा है।