बदमाशों की तलाश में दबिश
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। कस्बे में पड़ी डकैती की घटना में लूटे गए एक मोबाइल की लोकेशन कस्बे के मोहल्ला तुर्कीस्तान में मिलने पर पुलिस ने सर्च अभियान चलाकर कई घरों की तलाशी ली। घंटों तक मोहल्ले की खाक छानने के बाद पुलिस वहां से कुछ भी बरामद नहीं कर पाई।
पुलिस ने बताया कि डकैती में बदमाशों द्वारा लूटे गए एक मोबाइल की लोकेशन घटना के बाद से ही इस क्षेत्र में आ रही है, जिसमें शनिवार को भी खादर तिराहे के आसपास निगरानी कर मोबाइल का पता लगाने का प्रयास किया गया था। रविवार को भी मोबाइल की लोकेशन लगातार इसी क्षेत्र में आने पर कई घरों की तलाशी ली गई, मगर कुछ हाथ नहीं आया। पुलिस ने कहा कि इस मामले में बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने कहा कि डकैती के संबंध में कई लोगों से पूछताछ की।
उत्तराखंड पुलिस युवक को ले गई
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। उत्तराखंड की रुड़की कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात कस्बे के मौहल्ला झोझगान में दबिश देकर एक युवक को उठा कर ले गई। बताया गया कि रुड़की में कोई अपहरण और हत्या की घटना हुई थी, जिसमें पुलिस कस्बे के एक युवक की तलाश है। स्थानीय पुलिस ने ऐसी कोई जानकारी होने से इंकार किया है।