खतौली। नेशनल हाईवे पर भंगेला के पास कार की टक्कर लगने से आठ साल का बच्चा घायल हो गया। हादसे से नाराज भीड़ ने कार सवार दिल्ली के एक दरोगा की जमकर पिटाई कर दी, जिसमें वह बेहोश हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरोगा को ग्रामीणों के चंगुल से बचाया और बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। घायल बच्चे को भी पुलिस ने बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
हरियाणा निवासी दरोगा सतपाल दिल्ली में तैनात है। दरोगा अपने भाई नवीन और बेटे के साथ कार से दो दिन पूर्व हरिद्वार गया था। रविवार को तीनों कार से दिल्ली लौट रहे थे। कार को दरोगा का भाई नवीन चला रहा था। हाईवे पर भंगेला के पास गांव निवासी नौशाद का आठ साल का बेटा अयान अचानक भागकर सड़क पर आ गया। कार की टक्कर लगनेे से अयान घायल हो गया। टक्कर लगने पर दरोगा ने कार को रुकवा ली। उसने घायल बच्चे को उठाया। इतने में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। भीड़ को देखकर दरोगा का भाई नवीन अपने भतीजे को लेकर कार से निकलकर भाग निकला। गुस्साई भीड़ ने दरोगा को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। मारपीट में दरोगा बेहोश हो गया था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरोगा को ग्रामीणों के चंगुल से बचाकर बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। घायल बच्चे को एंबुलेंस से बेगराजपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। अस्पताल में करीब आधा घंटे बाद दरोगा को होश आया। उसने अपना परिचय दिया, पुलिस को तब पता चला कि वह दिल्ली का दरोगा है। घायल परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।