मुजफ्फरनगर। समाज एकता समिति के बैनर तले शाहपुर क्षेत्र के प्रधानों ने शाहपुर थानाध्यक्ष पर बसधाड़ा के परिवार का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। एक सभागार में पत्रकारों से वार्ता में समिति के अध्यक्ष प्रहलाद कुमार ने कहा कि शाहपुर पुलिस आम जनता का उत्पीड़न कर रही है। 17 अगस्त की रात्रि में शाहपुर पुलिस ने बसधाड़ा गांव में इद्दत में बैठी महिला के साथ बदतमीजी की। महिला को उठाकर पुलिस थाने ले आई और आरोप लगाया कि इनका बेटा गांव की एक लड़की के अपहरण में शामिल है। रात्रि में बेटा थाने गया तो उसे लॉकअप में बंद कर दिया और महिला को छोड़ दिया। गांव प्रधान नाजिम त्यागी ने जब थानेदार से कहा कि गांव में तो किसी लड़की का अपहरण नहीं हुआ। इस पर बताया गया कि पुलिस अफसरों से इन लोगों द्वारा मोबाइल पर अपशब्द कहे गए हैं। अगले दिन 25 हजार की डिमांड की गई और पैसे मिलने के बाद युवक को छोड़ दिया गया। कहना है कि यदि युवक की गलती थी तो उसे जेल भेजा जाता, उससे 25 हजार क्यों लिए गए। यदि 25 हजार रुपये वापस कराने के बाद अफसर एसओ पर कार्रवाई नहीं करते तो बसधाड़ा में पंचायत होगी। वार्ता में प्रधान नाजिम त्यागी, वाजिद, कुलदीप, इसराइल, रहमत त्यागी आदि मौजूद रहे।