पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का राजफाश किया है। गिरोह के एक सदस्य को पकड़ा गया है, जबकि उसका एक साथी फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के कब्जे से चोरी के वाहन और एक तमंचा बरामद किया है। पुलिस उसके गिरोह की तलाश में लगी है। यह चोरी की दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुका है। जो वाहनों को फर्जी कागजातों के आधार पर दूसरे जनपदों व राज्यों में बेच देता है।
सीओ नईमंडी योगेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना प्रभारी हरशरण शर्मा को सूचना मिली थी कि कुछ वाहन युवक चोरी की बाइकों को बेचने के इरादे से भोपा रोड पर घूम रहे हैं। इसको लेकर पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस ने एक वाहन चोर सचिन पुत्र रामरतन निवासी भरतीया कालोनी को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। हालांकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के कब्जे से दो स्कूटी, दो बाइक और एक तमंचा बरामद किया है। पूछताछ में उसने वाहन चोरी की कई घटनाओं को कबूल किया है। उसने फरार साथी का नाम संजू निवासी रायपुर नगली बताया है। उसने पुलिस को बताया कि वाहन चोरी कर उन्हें फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दूसरे जनपदों और कबाडियों को बेचा जाता था। पुलिस उसके गिरोह को पकड़ने में लगी है।