लापता किशोरी का शव तालाब से बरामद
भौराकलां। गांव जैतपुर से शनिवार शाम संदिग्ध हालात में लापता हुई किशोरी की लाश रविवार सुबह गांव के तालाब से बरामद हुई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी 14 साल की पायल पुत्री संजय शनिवार शाम के समय घर से कूड़ा डालने निकली थी, लेकिन लापता हो गई। हरंसभव तलाश के बावजूद किशोरी का सुराग नहीं लगा। देर शाम कुछ बच्चों ने किशोरी को गांव के तालाब की तरफ जाते देखने की जानकारी दी, जिस पर रात में ही ग्रामीणों ने कई ट्रैक्टर लगाकर तालाब से पानी निकालने का काम शुरू कर दिया था। सूचना पर एसडीएम बुढ़ाना व थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद रात में ही गोताखोर भी बुलाए गए, लेकिन किशोरी का सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह फिर से तालाब में किशोरी की तलाश शुरू की गई, जिसे बाद में तालाब से ही बरामद कर लिया गया। लापता किशोरी की लाश मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। इस पर शव को पंचनामा भरकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जिसका गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।