ऑनलाइन शॉपिंग में महिला के साथ जालसाजी
मुजफ्फरनगर। ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट से सामान मंगवाना महिला को भारी पड़ा। वेबसाइट द्वारा पहले तो महिला को उसके द्वारा मंगाए गए सामान से इतर दूसरा सामान भेज दिया गया। बाद में महिला द्वारा वेबसाइट के कस्टमर केयर पर इसकी शिकायत की गई तो वहां से रुपये लौटाने के नाम पर अकाउंट व एटीएम का नंबर हासिल कर पीड़िता के बैंक खाते से करीब 50 हजार साफ कर दिए गए। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के महालक्ष्मी एन्क्लेव निवासी निहारिका बंसल ने तहरीर देकर बताया कि उसने 16 अक्तूबर को क्लब फैक्ट्री नामक शॉपिंग वेबसाइट पर जूतों का ऑर्डर दिया था। 18 अक्तूबर को उसे वेबसाइट द्वारा जो डिलीवरी दी गई, उसमें जूतों के स्थान पर कुछ ओर सामान था। 19 अक्तूबर को पीड़िता ने इसकी शिकायत के लिए शॉपिंग वेबसाइट के कस्टमर केयर पर कॉल की तो वहां उसकी बात किसी संजय कुमार गुप्ता नामक व्यक्ति से हुई। पीड़िता के अनुसार, बातचीत में युवक ने कंपनी की ओर से हुई चूक की माफी मांगते हुए महिला को विश्वास में लेते हुए रुपये लौटाने के बहाने से उसका बैंक अकाउंट व एटीएम नंबर हासिल कर लिया। आरोप है कि इसके कुछ ही देर बाद महिला के बैंक अकाउंट से 49,847 रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता ने दोबारा कस्टमर केयर पर बात की तो किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने शॉपिंग वेबसाइट क्लब फैक्ट्री और कथित कस्टमर केयर कर्मचारी संजय कुमार गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।