बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर के एक मोहल्ले में युवक ने घर के बाहर खेल रही तीन साल की बच्ची को टॉफी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़कर धुनाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के सौंप दिया गया।
ि
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी तीन साल की बेटी बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि उसी समय दूसरे समुदाय का एक युवक वहां पहुंच गया। वह बच्ची को दुकान से टॉफी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। इसके बाद बच्ची को आरोपी सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गये। और आरोपी को रंगेहाथ दबोच लिया। आरोपी की हैवानियत देख गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया युवक मोहल्ला बाग जानकीदास निवासी साहिल है। जिसके खिलाफ बच्ची के पिता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बच्ची का मेडिकल भी कराया जा रहा था।